- सीहोर। जिले के राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की घोषणा शनिवार को कर दी गई। खास बात यह है कि 16 जनवरी 2025 को जिलाध्यक्ष की कमान संभालने के ठीक 345 दिन बाद नरेश मेवाड़ा ने अपनी टीम को मैदान में उतारा है। इस नई टीम में क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखते हुए सीहोर, आष्टा और बुधनी जैसे प्रमुख केंद्रों को महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों से नवाजा गया है।
नई कार्यकारिणी में संगठन ने जितेंद्र गौड़, तारा कटारिया और पंकज गुप्ता को जिला महामंत्री नियुक्त कर जिले के तीन बड़े राजनीतिक केंद्रों सीहोर, बुधनी और आष्टा को सीधा प्रतिनिधित्व दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कार्यकारिणी गठन में हुई देरी की मुख्य वजह सभी गुटों और क्षेत्रों के बीच समन्वय बिठाना था।
उपाध्यक्ष और मंत्रियों की लंबी फौज
संगठन की मजबूती के लिए उपाध्यक्ष पद पर अतुल शर्मा, धारासिंह पटेल, कैलाश सुराणा, राजेंद्र राजपूत, प्रेमनारायण मीना, ओम पटेल, रुपेश राठौर और आनंद पटेल को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मंत्री पद के लिए लाल सिंह चौहान, राजेश पाल, गिरीश सोलंकी, बलवंत सिंह परमार, अलका चौहान, सविता जयसिंह ठाकुर, दिनेश मेवाड़ा और प्रीति सोनी के नामों पर मुहर लगी है।
इन्हें मिली प्रबंधन की जिम्मेदारी
संगठन के वित्तीय और प्रशासनिक प्रबंधन के लिए हेमलता विजेंद्र परमार को कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि शिवम सोनी और अनिता ठाकरे सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यालय प्रबंधन के लिए आशिष पचौरी को कार्यालय मंत्री और उमेश शर्मा व गिरीजा कुशवाह को सह कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है।
मीडिया और आईटी सेल पर भरोसा
आगामी चुनौतियों और डिजिटल युग को देखते हुए मीडिया विभाग की कमान प्रीतेश राठौर को सौंपी गई है उनके साथ पवन जैन सह मीडिया प्रभारी होंगे। वहीं आईटी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अनुपम गौड़ को दी गई है।


