भाजपा ने 345 दिन बाद बिछाई अपनी बिसात, अब कांग्रेस की बारी का इंतजार

32

सीहोर। जिले के राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कमान संभालने के ठीक 345 दिन बाद शनिवार को अपनी बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। भाजपा की इस नई टीम के मैदान में उतरते ही अब सबकी नजरें कांग्रेस की ओर मुड़ गई हैं। रोचक बात यह है कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती का यह दूसरा कार्यकाल चल रहा है, लेकिन अब तक उनकी कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका है।
बीजेपी की नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय और गुटीय समन्वय को प्राथमिकता दी गई है। संगठन ने जितेंद्र गौड़, तारा कटारिया और पंकज गुप्ता को जिला महामंत्री नियुक्त कर जिले के तीन बड़े राजनीतिक केंद्रों को सीधा प्रतिनिधित्व दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इतनी लंबी देरी की मुख्य वजह सभी गुटों को संतुष्ट करना और आगामी चुनौतियों के लिए मजबूत टीम तैयार करना था।
बीजेपी की जिला कार्यकारिणी
उपाध्यक्ष: अतुल शर्मा, धारासिंह पटेल, कैलाश सुराणा, राजेंद्र राजपूत, प्रेमनारायण मीना, ओम पटेल, रुपेश राठौर और आनंद पटेल।
मंत्री: लाल सिंह चौहान, राजेश पाल, गिरीश सोलंकी, बलवंत सिंह परमार, अलका चौहान, सविता जयसिंह ठाकुर, दिनेश मेवाड़ा और प्रीति सोनी।
प्रबंधन: हेमलता विजेंद्र परमार कोषाध्यक्ष, आशीष पचौरी कार्यालय मंत्री, प्रीतेश राठौर मीडिया प्रभारी और अनुपम गौड़ आईटी सेल।
कांग्रेस: दूसरे कार्यकाल में भी कार्यकारिणी का वनवास
एक तरफ जहां भाजपा ने देरी से ही सही, लेकिन अपनी पूरी टीम घोषित कर दी है, वहीं कांग्रेस खेमे में अब भी इंतजार बाकी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के दूसरे कार्यकाल को लंबा समय बीत चुका है, लेकिन जिले की टीम अब तक कागजों से बाहर नहीं आ पाई है। भाजपा की कार्यकारिणी आने के बाद अब कांग्रेसी गलियारों में भी अपनी टीम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर सुगबुगाहट है कि जब चुनावी चुनौतियां सामने हों, तब संगठन की टीम का न होना कहीं भारी न पड़ जाए।