सीहोर। मंगलवार का दिन दर्जनों बस यात्रियों के लिए काल बन सकता था, अच्छी बात यह रही बड़ा हादसा टल गया। हरदा से भोपाल जा रही चौहान ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस सलकनपुर नहर तिराहे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस पुलिया की रैलिंग से टकराकर अटक गई, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि इस खौफनाक भिड़ंत में एक बाइक सवार सहित कुल 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।
एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार चौहान ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2877 लगभग 45 यात्रियों को लेकर हरदा से भोपाल की ओर जा रही थी। दोपहर में जैसे ही बस सलकनपुर नहर तिराहे के पास पहुंची, चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस सीधे नहर की पुलिया की रैलिंग को तोड़ते हुए वहां जा फंसी। गनीमत रही कि रैलिंग ने बस को रोक लिया, वरना बस सीधे गहरी नहर में समा सकती थी, जिससे भारी जनहानि होने की आशंका थी।
मची चीख-पुकार, राहगीरों ने बचाई जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार भी बस की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने साहस दिखाते हुए बस के कांच तोडक़र और गेट के रास्ते यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
22 घायल, मची अफरा तफरी
हादसे में कुल 22 यात्रियों को चोटें आई हैं। घटना के तत्काल बाद कुछ यात्री अपने निजी साधनों और एम्बुलेंस की मदद से रेहटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। घायलों में से दो यात्रियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। शेष घायलों का उपचार रेहटी में जारी है।
बचाव में जुटी पुलिस
दुर्घटना की खबर मिलते ही रेहटी थाना पुलिस और एसडीओपी रवि शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सडक़ किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या बस में कोई तकनीकी खराबी जैसे ब्रेक फेल होना आई थी।


