सीहोर। रविवार रात आष्टा के अलीपुर क्षेत्र में हुए पथराव और हंगामे के मामले में पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम में कोई भी पक्ष बतौर फरियादी सामने नहीं आया है, लेकिन शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए पत्थरबाजों की पहचान की जा रही है, ताकि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा न जा सके।
बता दें रविवार रात करीब 9.30 बजे दो पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने जब उग्र रूप लिया तो पूरे शहर में अफरा तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख कलेक्टर बालागुरू के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला और एएसपी सुनीता रावत ने खुद कमान संभाली और रात भर मैदान में डटे रहे। उपद्रवियों को खदेडऩे के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। तनाव को देखते हुए सीहोर के अलावा भोपाल और देवास से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया था।
पत्थरों के बीच दिखी शांति की तस्वीर
सोमवार सुबह अलीपुर क्षेत्र का नजारा बदला हुआ था। गलियों में रात के पथराव के निशान जरूर थे, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से माहौल पूरी तरह सुरक्षित महसूस हुआ। हाईवे पर जो जाम रात को लगा था, उसे देर रात ही खुलवा दिया गया था। प्रशासन की ओर से हर प्रमुख चौराहे पर वज्र वाहन और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अज्ञात दंगाइयों पर एफआईआर
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा इस मामले में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर ध्यान न दें।


