सीहोर। हरदा आंदोलन को लेकर जिले में भी करणी सैनिकों में उत्साह और एकजुटता देखी जा रही है। रविवार को प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर ग्राम खाचरोद में सेवा और समर्पण की ऐसी मिसाल पेश की जा रही है, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों और राहगीरों के लिए खाचरोद में भोजन, पानी और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
पूरे खाचरोद ब्लॉक के लोग इस सेवा कार्य में तन-मन-धन से जुटे हुए हैं। आयोजन का नेतृत्व हरेंद्र ठाकुर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके साथ सामाजिक युवाओं की सक्रिय टीम मैदान में डटी हुई है ताकि व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे।
व्यवस्थाओं पर एक नजर
करीब 10 हजार लोगों के लिए भोजन पैकेट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 35 हलवाइयों की टीम नियुक्त की गई है। जबकि आंदोलनकारियों के ठहरने और थकान मिटाने के लिए बड़े टेंट लगाए गए हैं। पेयजल के साथ-साथ समन्वय बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं, जो आने-जाने वालों का मार्गदर्शन करेंगी।


