झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग का कड़ा प्रहार, दो फर्जी क्लीनिक सील

19 sehore photo 11

सीहोर। जिले के आष्टा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे फर्जी क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण दल ने ग्राम भोंरा, बड़ोदिया गाडरी और खाचरोद में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से झोलाछाप डॉक्टरों में हडक़ंप मच गया। टीम ने दो फर्जी क्लीनिकों को मौके पर ही सील कर दिया, जबकि अन्य को नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान ग्राम भोंरा में फर्जी बंगाली चिकित्सक अभिजीत टिकाकर का क्लीनिक अवैध रूप से संचालित पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत बंद करा दिया। वहीं ग्राम खाचरोद में डॉक्टर एसआई अली स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखते ही क्लीनिक खुला छोडक़र मौके से फरार हो गए। टीम ने उनके क्लीनिक को भी बंद कर दिया है और संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अनावश्यक दवा भंडारण पर प्रतिबंध
मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी ने सभी चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित पैथी के अलावा किसी अन्य पद्धति से मरीजों का उपचार न करें। टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई जगहों पर एलोपैथिक दवाइयों का अनावश्यक भंडारण किया गया था, जिसे तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
नियमित जारी रहेगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों को बख्शा नहीं जाएगा। यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। निरीक्षण दल की इस सक्रियता से क्षेत्र के अन्य झोलाछाप डॉक्टर भी अपनी दुकानें बंद कर गायब हो गए।