भोपाल की होटलों में सीहोर की शराब पर ‘अघोषित’ बैन!

19 sehore photo 10

सीहोर। राजधानी भोपाल के होटल और रेस्टोरेंट में इन दिनों शराब परोसने और बाहर से लाने को लेकर एक नया और अजीबोगरीब ट्रेंड देखने को मिल रहा है। सीहोर जिले से लाई गई शराब को लेकर होटल संचालकों ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। ताजा मामलों के अनुसार भोपाल की कई होटलों में सीहोर की शराब को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा रहा है, जिससे सुरा प्रेमियों में खासी नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
होटलों में आने वाले ग्राहकों का कहना है कि होटल संचालक और कर्मचारी अब शराब की बोतलों की जांच कर रहे हैं। यदि शराब सीहोर जिले की दुकानों की पाई जाती है तो उसे होटल के भीतर ले जाने से सख्ती से रोका जा रहा है। इसके विपरीत ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे केवल भोपाल जिले की शराब दुकानों से ही बोतलें खरीदें। इतना ही नहीं, सुरक्षा के नाम पर एक नई व्यवस्था शुरू की गई है, भोपाल की दुकान से खरीदी गई बोतल पर होटल स्टाफ अपनी ‘सील, भोपाल में बिकने वाली शराब’ लगा रहा है। कर्मचारियों का तर्क है कि जिस बोतल पर होटल की सील होगी, उसे पीने वाले ग्राहक को कोई परेशान नहीं करेगा।
सुरा प्रेमियों ने सुनाई आपबीती
होटलों में पार्टी करने पहुंचे कई ग्राहकों ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि पिछले दो-तीन बार से उनके साथ ऐसी घटनाएं हो रही है। हम सीहोर की तरफ से आ रहे थे और हमारे पास वहां की बोतल थी, लेकिन होटल स्टाफ ने साफ कह दिया कि यह बोतल अंदर नहीं चलेगी। हमें मजबूरी में भोपाल की दुकान से नई बोतल खरीदनी पड़ी, जिस पर उन्होंने बाकायदा सील लगाई और कहा कि अब आप बेफिक्र होकर बैठें।
नियमों पर उठ रहे सवाल
कानूनी तौर पर यदि किसी व्यक्ति के पास नियमानुसार मात्रा में और वैध शराब है तो जिले की सीमा के आधार पर उसे रोकना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि होटल संचालक इसे अपनी पॉलिसी और आबकारी नियमों की पेचीदगियों से बचने का रास्ता बता रहे हैं। फिलहाल इस नई सख्ती ने उन लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है जो सीहोर से भोपाल आकर होटलों में रुकते या पार्टी करते हैं।