सीहोर। जिला अब केवल अपनी सुनहरी गेहूं या ऐतिहासिक विरासत के लिए ही नहीं, बल्कि विश्व सिनेमा के मानचित्र पर भी अपनी अमिट छाप छोड़ रहा है। फिल्म ‘लापता लेडीज’ के बाद सीहोर में फिल्माई गई एक और फिल्म ‘होमबाउंड’ ने ऑस्कर में भारत का मान बढ़ाया है। निर्देशक नीरज घेवान की इस फिल्म ने 98वें एकेडमी अवॉड्र्स की ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म’ कैटेगरी की टॉप.15 शॉर्टलिस्ट फिल्मों में जगह बना ली है।
धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म कोविड.19 लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के पलायन और उनके संघर्ष की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में जान्हवी कपूर, ईशान खट्टर और विशाल जेठवा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में आने से पहले इस फिल्म को कान्स, मेलबर्न और टोरंटो जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में भी काफी सराहना मिल चुकी है।
26 सितंबर को हुई थी रिलीज
बता दें फिल्म होमबाउंड की शूटिंग सीहोर शहर के टैगोर स्कूल, रेलवे स्टेशन, चांदबढ़ गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में हुई है। स्थानीय लोकेशंस को बड़े पर्दे पर और अब ऑस्कर की दौड़ में देखकर शहरवासी बेहद उत्साहित थे। यह फिल्म 26 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
शूटिंग का नया हब बन रहा सीहोर
पिछले कुछ वर्षों में सीहोर फिल्मकारों और वेबसीरीज निर्माताओं की पहली पसंद बनकर उभरा है। मशहूर वेबसीरीज पंचायत की शूटिंग भी इसी अंचल में हुई। किरण राव के निर्देशन में बनी यह फिल्म लापता लेडीज भी सीहोर में शूट हुई और ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थी।


