सीहोर। शहर के सैकड़ाखेड़ी रोड स्थित शहीद स्मारक स्थल पर विजय दिवस और शहीद कुंवर चैन सिंह समारोह के उपलक्ष्य में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सपूतों के परिवारों और सेवानिवृत्त रणबांकुरों का सम्मान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सेना पदक से सम्मानित ब्रिगेडियर विनायक वशिष्ठ ने कहा कि हमारे क्षेत्र के अनेक जवानों ने देश की आन बान और शान के लिए कुर्बानी दी है। उनके बलिदान के कारण ही आज देश सुरक्षित है। ऐसे वीर सपूतों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने भारतीय जवानों और उनके परिवारों की ओर से इस भव्य आयोजन के लिए नगर पालिका का आभार व्यक्त किया।
युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं हमारे सैनिक: प्रिंस राठौर
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सैनिक अपनी सकारात्मक ऊर्जा और अनुभव से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैंए जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेनाएं आज आधुनिक तकनीक और उच्च मनोबल के साथ सीमा पर तैनात हैं। मध्यप्रदेश सरकार भी सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर योजनाएं चला रही है।
शहीद परिवारों की आंखें हुई नम
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा 15 शहीद सैनिकों के परिजनों को पदक और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस भावुक क्षण के दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। साथ ही 1971 के युद्ध के योद्धाओं सहित 65 सेवानिवृत्त सैनिकों को भी सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कैप्टन सुरेंद्र खरगोन और कैप्टन प्रसाद ने भी इस अवसर पर सैनिकों के गौरवशाली इतिहास को साझा किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जगाया राष्ट्र प्रेम
शहीद स्थल पर आयोजित इस समारोह में देशभक्ति गीतों की धुनों और नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिवार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


