इंदौर-भोपाल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्राला पलटा, राजस्थान के युवक की दबने से मौत

17 sehore photo 01

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर तडक़े गंभीर हादसा हो गया। सुबह करीब 5-6 बजे थाना जावर क्षेत्र अंतर्गत पटेल ढाबे के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब सीमेंट से भरा एक भारी-भरकम ट्राला अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्राले का पूरा वजन केबिन पर आ गिरा और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्राला अत्यधिक रफ्तार में था। अचानक सडक़ किनारे मिट्टी धंसने से चालक का संतुलन बिगड़ गया, इससे पहले कि वह वाहन को संभाल पाता, ट्राला पलट गया। पलटते ही सीमेंट के बोरी केबिन पर आ गिरी। केबिन बुरी तरह पिचक गया और चालक उसमें फंसकर रह गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ढाबों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
क्रेन की मदद से किया सीधा
सूचना मिलते ही थाना जावर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन ट्राले में भरा सीमेंट और वाहन का वजन इतना ज्यादा था कि चालक तक पहुंचना आसान नहीं था। क्रेन की मदद से ट्राले को सीधा किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
परिवार का इकलौता सहारा
मृतक की पहचान गोविंद राम पिता पाचूए उम्र करीब 25 से 30 वर्ष निवासी ग्राम सटालिया थाना मैसूदा जिला ब्यावर राजस्थान के रूप में हुई है। गोविंद राम जैसलमेर से इंदौर की ओर सीमेंट लेकर जा रहा था। वह परिवार का इकलौता सहारा बताया जा रहा है। मौत की खबर जैसे ही राजस्थान स्थित गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। हादसे के चलते इंदौर-भोपाल हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
मिट्टी धंसने से हुआ हादसा
एसडीओपी आष्टा आकाश अमलकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सडक़ किनारे मिट्टी धंसना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। वहीं थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।