सीहोर का ही निकला गौहरगंज दुष्कर्मी सलमान!

28 sehore photo 06

सीहोर। रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी सलमान का गुरुवार देर रात पुलिस ने ‘शॉर्ट एनकाउंटर’ कर दिया। आरोपी ने औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके पैर पर गोली मारी।
गिरफ्तारी और एनकाउंटर के बाद आरोपी सलमान के बारे में अहम जानकारी सामने आई है। पूछताछ में पता चला है कि गौहरगंज में जघन्य अपराध करने वाला यह दुष्कर्मी सीहोर जिले के श्यामपुर का ही निवासी है, जो कुछ सालां से गौहरगंज में किराए के मकान में रहता था।
6 दिन बाद भोपाल से पकड़ा गया
गौहरगंज में 21 नवंबर को मासूम से दुष्कर्म करने के बाद से ही सलमान फरार चल रहा था। क्षेत्रवासी लगातार उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। घटना के 6 दिन बादए पुलिस ने गुरुवार रात आरोपी सलमान को भोपाल के गांधी नगर इलाके में एक चाय की दुकान से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल पहुंचा था और गांधीनगर में छिपकर रह रहा था।
रात 3 बजे एनकाउंटर का हाई-वोल्टेज ड्रामा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद गौहरगंज पुलिस आरोपी सलमान को लेकर रात में ही रवाना हो गई थी। जब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई, तभी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच घटना हुई। आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था, तभी उसने एसआई की बंदूक छीनकर फायर करने और भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसके पैर पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
गोली लगने से घायल सलमान को तत्काल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है और वह पुलिस की हिरासत में है।
क्या था मामला
21 नवंबर की शाम 23 वर्षीय आरोपी सलमान 6 साल की बच्ची को चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई जंगल में मिली थी और उसे इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है। इधर इस घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी व फांसी दिए जाने की मांग को लेकर रायसेन सहित सीहोर जिले में भी भारी विरोध किया गया था, सीहोर में एक दिन के लिए बाजार भी बंद रहा था।