रुद्राक्ष महोत्सव में सीहोर को मिली ऐतिहासिक सौगात, 21 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी स्टॉपेज

11 sehore photo 06

सीहोर। प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने जा रहे भव्य रुद्राक्ष महोत्सव 2026 को लेकर इस बार रेलवे और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। पहली बार 21 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से सीहोर रेलवे स्टेशन पर रोका जाएगा। यह सुविधा 13 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक कुल 10 दिनों के लिए लागू रहेगी, जिससे देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी।

इन ट्रेनों के माध्यम से इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, जोधपुर, पुरी, वाराणसी, पटना, कोलकाता, हैदराबाद, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम जैसे बड़े शहरों से सीहोर को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे श्रद्धालुओं को भोपाल या इंदौर उतरकर सड़क मार्ग से आने की परेशानी नहीं होगी और वे सीधे कुबेरेश्वर धाम के नजदीक सीहोर स्टेशन पर उतर सकेंगे। ज्ञात रहे हाल ही में 19489/19490 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस और 19091/19092 मुंबई बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस का सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्थायी स्टॉपेज शुरू किया गया है। इससे सीहोर की रेल कनेक्टिविटी को स्थायी मजबूती मिली है और रुद्राक्ष महोत्सव के बाद भी यात्रियों को इसका लाभ मिलता रहेगा।

पिछले साल 5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे ट्रेनों से

गत वर्ष रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान करीब 5 लाख श्रद्धालु केवल ट्रेनों से सीहोर पहुंचे थे। भारी भीड़ के कारण यात्रियों को अव्यवस्था और असुविधाओं का सामना करना पड़ा था। इस अनुभव से सीख लेते हुए इस बार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर अस्थायी टेंट, पेयजल, अतिरिक्त सुरक्षा बल और स्वयंसेवकों की व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन का मानना है कि यह ऐतिहासिक पहल सीहोर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। रुद्राक्ष महोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सीहोर की पहचान बन चुका है, जहां आस्था के साथ विकास की नई राहें भी खुल रही हैं। रेलवे का यह निर्णय न सिर्फ श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।

सीहोर स्टेशन पर अस्थायी ठहराव प्राप्त 21 एक्सप्रेस ट्रेनें

  1. 12923/12924 – डॉ. अंबेडकर नगर (दादर नगर) ⇄ नागपुर ⇄ डॉ. अंबेडकर नगर
  2. 19301/19302 – डॉ. अंबेडकर नगर ⇄ यशवंतपुर ⇄ डॉ. अंबेडकर नगर
  3. 22911/22912 – इंदौर ⇄ हावड़ा ⇄ इंदौर
  4. 12719/12720 – जयपुर ⇄ हिसार ⇄ जयपुर
  5. 17019/17020 – हिसार ⇄ हैदराबाद ⇄ हिसार
  6. 22909/22910 – वलसाड ⇄ पुरी ⇄ वलसाड
  7. 20814/20813 – जोधपुर ⇄ पुरी ⇄ जोधपुर
  8. 15560/15559 – अहमदाबाद ⇄ दरभंगा ⇄ अहमदाबाद
  9. 19413/19414 – अहमदाबाद ⇄ कोलकाता (कोआ) ⇄ अहमदाबाद
  10. 22829/22830 – भुज ⇄ शालीमार (कोलकाता) ⇄ भुज
  11. 22673/22674 – जोधपुर ⇄ मन्नारगुड़ी ⇄ जोधपुर12. 22468/22467 – गांधीनगर कैपिटल ⇄ वाराणसी ⇄ गांधीनगर कैपिटल
  12. 20414/20413 – इंदौर ⇄ वाराणसी ⇄ इंदौर
  13. 20416/20415 – इंदौर ⇄ वाराणसी ⇄ इंदौर
  14. 14115/14116 – डॉ. अंबेडकर नगर ⇄ प्रयागराज ⇄ डॉ. अंबेडकर नगर
  15. 19313/19314 – इंदौर ⇄ पटना ⇄ इंदौर17. 19321/19322 – इंदौर ⇄ पटना ⇄ इंदौर
  16. 19305/19306 – डॉ. अंबेडकर नगर ⇄ कामाख्या (गुवाहाटी) ⇄ डॉ. अंबेडकर नगर
  17. 19489/19490 – अहमदाबाद ⇄ गोरखपुर ⇄ अहमदाबाद
  18. 22645/22646 – इंदौर ⇄ तिरुवनंतपुरम ⇄ इंदौर
  19. 22191/22192 – इंदौर ⇄ जबलपुर ⇄ इंदौर

-ये सभी ट्रेनें 13 फरवरी से 22 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान सीहोर रेलवे स्टेशन पर अस्थायी रूप से रुकेंगी।