सीहोर। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। बीते लंबे समय से फसल बीमा राशि नहीं मिलने से परेशान चल रहे किसानों को अब विधायक सुदेश राय के प्रयासों से जल्द ही बीमा राशि मिलेगी। इस घोषणा के बाद किसान संगठनों और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को विराम मिला है और सोशल मीडिया पर किसान विधायक सुदेश राय के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।
सीहोर विधानसभा क्षेत्र के किसान बीते कई दिनों से अपनी फसल बीमा राशि नहीं मिलने के कारण खासे परेशान थे। प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के बावजूद जब बीमा राशि का भुगतान नहीं हो रहा था, तो किसानों में असंतोष बढ़ता जा रहा था। किसान संगठनों ने इस मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किए और प्रशासन तथा सरकार को ज्ञापन सौंपे। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी इस मुद्दे को लेकर मुखर थी और लगातार सरकार को घेर रही थी।
विधायक सुदेश राय ने लिया संज्ञान
किसानों की इस गंभीर समस्या को विधायक सुदेश राय ने गंभीरता से लिया। विधायक ने किसानों की परेशानी को समझा और बीमा राशि जल्द जारी कराने के लिए शीर्ष स्तर पर लगातार प्रयास किए। विधायक सुदेश राय के हस्तक्षेप के कारण अब बीमा राशि जारी करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है।
जल्द ही खातों में पहुंचेगी राशि
विधायक के प्रयासों के चलते अब जल्द ही विधानसभा क्षेत्र के प्रभावित किसानों के बैंक खातों में फसल बीमा की राशि आ जाएगी। इस खबर से किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे।


