सीहोर। दीपावली के त्यौहार को देखते हुए शहर के बाजारों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा की गई सख्त मुनादी पहले ही दिन बेअसर साबित हुई है। नगर पालिका ने गुरुवार को सार्वजनिक घोषणा कर चेतावनी दी थी कि शुक्रवार से मुख्य बाजार क्षेत्र में ठेले और हाथगाड़ी लगाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई कर ठेले जब्त किए जाएंगे, लेकिन नपा की यह सख्ती मैदान पर नजर नहीं आई।
दीपावली पर्व में अब महज एक सप्ताह का समय शेष है और ग्राहकों की भीड़ बाजारों में लगातार बढ़ रही है। इसी के चलते नगर पालिका ने गुरुवार को लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराते हुए ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी दी थी। यह फैसला मुख्य मार्गों पर ठेले लगने से हो रही यातायात जाम और पैदल चलने वालों की परेशानी को देखते हुए लिया गया था।
बाजार में ठेले यथावत आ रहे नजर
प्रतिबंध लागू होने के पहले ही दिन यानी शुक्रवार से नगर पालिका का अमला बाजार में सख्ती के साथ दिखाई नहीं दिया। मुख्य बाजार क्षेत्र में ठेले यथावत खड़े हो रहे हैं, जिसके कारण दिन भर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और ग्राहकों को भीड़ के बीच से निकलने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। नपा की चेतावनी का पालन न होने से आम जनता को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
आने वाले दिनों में बढ़ेंगी मुश्किल
दीपावली नजदीक आने के साथ ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ और भी ज्यादा बढ़ेगी। यदि नगर पालिका प्रशासन अपनी ही मुनादी पर सख्ती से अमल नहीं करता है तो आने वाले दिनों में यातायात जाम और बाजार की अव्यवस्था लोगों की परेशानी को और भी बढ़ाएगी।


