सीहोर। शारदीय पूर्णिमा के पावन अवसर पर सलकनपुर स्थित उत्तम सेवा धाम आश्रम में होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। आयोजन में प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल होंगे, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
समर्पण सेवा समिति और अखिल भारतीय गुरु भक्त मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे। मुख्य अतिथियों के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। जिला कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने स्वयं उत्तम सेवा धाम आश्रम का दौरा किया। अधिकारियों ने हेलीपैड के निर्माण, पार्किंग व्यवस्था और मुख्य मंच सहित सभी व्यापक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
7 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रम
समर्पण सेवा समिति के अध्यक्ष तपन भौमिक के अनुसार 7 अक्टूबर को प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर पूज्य 1008 महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी महाराज, संत रामदास त्यागी और संत संपूर्ण आनंद महाराज का सान्निध्य भी भक्तों को प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के आने से सलकनपुर आश्रम में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।


