सीहोर। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी पर्व आज शहर सहित पूरे जिले में धूमधाम और जबरदस्त उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही लोगों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और नीलकंठ पक्षी के दर्शनों के लिए परिवारजन निकले, क्योंकि मान्यता है कि दशहरे के दिन नीलकंठ के दर्शन शुभ होते हैं। शाम को इस पर्व का मुख्य आकर्षण अधर्म के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया जाएगा, जिसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर में तीन प्रमुख स्थानों पर रावण दहन
गंज क्षेत्र: यहां सालों से चली आ रही परंपरा के अनुसार शाम को रावण दहन होगा।
मण्डी ग्राउंड: मण्डी क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर दशहरा पर्व मनाया जाता है और यहां रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा।
बाल विहार मैदान: यहां भी विजयदशमी पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जहां आतिशबाजी के साथ रावण के पुतले को अग्नि दी जाएगी।
होगी शस्त्र पूजा
जिला मुख्यालय सहित जिले भर में दशहरा पर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। आज के दिन शस्त्र पूजा और शमी के वृक्ष की पूजा करने की भी परंपरा है। जिला प्रशासन ने सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि लोग शांति और आस्था के साथ इस पावन पर्व को मना सकें।
छावनी दशहरा उत्सव समिति का भव्य आयोजन
छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वाधान में बाल विहार मैदान पर सबसे भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। बदलते मौसम को देखते हुए समिति के संरक्षक पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के निर्देश पर वॉटर प्रूफ रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का निर्माण किया गया है। शाम को चल समारोह निकाला जाएगा। चल समारोह रात्रि 7 बजे शहर के नमक चौराहे स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से आरंभ होकर गांधी रोड, चरखा लाइन, बड़ा बाजार से होते हुए रावण दहन स्थल बाल विहार पहुंचेगी। राम बारात के मैदान पर पहुंचने के बाद भगवान राम और रावण की सेना के बीच महायुद्ध का मंचन होगा। इसके पश्चात लगातार तीन घंटे तक आकाशीय बहुरंगी आतिशबाजी के मध्य रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की उपस्थिति रहेगी। मुख्य अतिथि जसपाल सिंह अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित अनेक गणमान्य नागरिक और संत.महंत शामिल होंगे। समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जोरदार आतिशबाजी और रोशनी के बीच उत्साह और आस्था के साथ दशहरा पर्व मनाने की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। मुंबई से विशेष जोरदार आतिशबाजी बुलाई गई है।


