सीहोर। नगर के कुईया गार्डन में आयोजित एक दिवसीय सिद्धपुर गरबा महोत्सव में महिलाओं और बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बाँध दिया। इस भव्य आयोजन में भक्ति और उल्लास के रंग बिखर गए, जहां नगर की प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक शानदार मंच मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ पं. शैलेश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा का आह्वान कर पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश काशिव सहित विवेक रूठिया, वरिष्ठ गल्ला व्यापारी जयंत शाह, समाजसेवी नरेन्द्र गोस्वामी, समाज सेविका प्रेमलता राठौर और आयोजन समिति के अध्यक्ष आशीष गुप्ता, संयोजक प्रदीप नागिया, मुस्कान अग्रवालए रूपाली सोनी ने दीप प्रज्वलित कर आरती की। राजेश काशिव और अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन शहर की प्रतिभाओं को निखारने के लिए नींव का पत्थर साबित होगा।
तालबद्ध प्रस्तुति ने मोहा मन
महोत्सव में नगर की लगभग तीन सौ महिलाओं और दो सौ युवतियों ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजकर भाग लिया। गरबा गीतों की धुन पर झूमती महिलाओं और बच्चों की तालबद्ध प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
सखी सहेली टीम की प्रस्तुति
सरस्वती कत्थक डांस कला केंद्र सीहोर और सखी सहेली ग्रुप की रूपाली सोनी की टीमों ने एकल और सामूहिक प्रस्तुतियां दीं। लगातार आठ दिनों से प्रशिक्षण दे रही मुस्कान अग्रवाल की मेहनत का परिणाम था कि तीन सौ महिलाओं ने एक साथ आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर आयोजन को भव्यता प्रदान की।
तालियों से गूंज उठा कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम स्थल पर चारों ओर संगीत और तालियों की गूंज ने उत्सव का माहौल बना दिया। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगियों और बच्चों को कई पुरस्कार प्रदान किए गए साथ ही रूपाली सोनी, यशिका सरकार और मुस्कान अग्रवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप नागिया ने किया और अंत में आशीष गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।


