सीहोर। डिजिटल कुशवाहा संस्था भोपाल के तत्वावधान में राजधानी में आयोजित कुशवाहा क्रिकेट लीग सीजन-2 का खिताबी मुकाबला रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भोपाल के उड़ान क्रिकेट अकादमी में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल मैच में फूले फाइटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 31 जनवरी को मुख्य अतिथि पूर्व एडीएम जीपी माली एवं पार्षद उर्मिला मौर्य ने किया था। इस अवसर पर डिजिटल कुशवाहा के अध्यक्ष विक्रम सिंह कुशवाहा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सकारात्मकता विकसित करना है।
मैदान पर दिखा कड़ा मुकाबला
टूर्नामेंट में फूले फाइटर्स, अशोका वॉरियर्स, बुद्धा ब्रिगेड्स और कुश चैंपियंस की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला फूले फाइटर्स और अशोका वॉरियर्स के बीच खेला गया। खिताबी मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हृदेश कुशवाहा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इन्हें मिले विशेष पुरस्कार
मैन ऑफ द सीरीज: हृदेश कुशवाहा
बेस्ट बैट्समैन: राहुल कुशवाहा
बेस्ट बॉलर: अभिषेक कुशवाहा
दिग्गजों ने बढ़ाया उत्साह
मैच के दौरान वरिष्ठ पत्रकार हितेश कुशवाहा ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। समापन समारोह में संगठन के संरक्षक लोकमन कुशवाहा, सचिन के वर्मा, डॉ. सुतेश कुमार शाक्य और इंजीनियर एसके कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत कर खेल भावना की प्रशंसा की। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों और खिलाडिय़ों का आभार व्यक्त किया।


