सीहोर। कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम थुनाकलां में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश और विवाद के चलते एक परिवार पर प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद दो लोगों को भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फरियादी निखिल मालवीय ने पुलिस को बताया कि विवाद की शुरुआत शुक्रवार शाम को हुई थी। उसके पिता अशोक कुमार मालवीय लोडिंग वाहन लेकर गए थे, जो कलारी के पास खराब हो गया था। वहां गांव के ही अशोक मेवाड़ा ने उनके साथ झूमाझटकी और झगड़ा किया। उस वक्त निखिल अपने पिता को समझा बुझाकर घर ले आया था, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ।
रात को घर घेरकर किया हमला
एफआईआर के अनुसार रात करीब 9.30 बजे आरोपी अशोक मेवाड़ा और सतरंग मेवाड़ा फरियादी के घर के पास पहुंचे। उन्होंने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और परिवार को बाहर निकलने की धमकी दी। जब फरियादी और उसके पिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपी अशोक ने लकड़ी के डंडे से अशोक कुमार मालवीय की बाईं आंख के ऊपर वार किया।
मां को आई सिर में चोट
बीच-बचाव करने आई मां ममता मालवीय के सिर पर भी डंडे से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। इसी दौरान दुर्गेश भाटी और राकेश मेवाड़ा भी वहां पहुंच गए। राकेश ने निखिल के हाथ पर डंडे से वार किया, जबकि अन्य ने बहन पलक के साथ भी झूमाझटकी की।
जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी
घटना के दौरान फरियादी के चाचा वीरेंद्र और संतोष मालवीय ने बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपी यह धमकी देकर गए कि आज के बाद हमसे उलझे तो जान से खत्म कर देंगे। वारदात के बाद चाचा वीरेंद्र ने डायल 112 को फोन कर पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
हालत गंभीर, हमीदिया अस्पताल रेफर
सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अशोक कुमार मालवीय और ममता बाई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। फरियादी निखिल का उपचार सीहोर में करने के बाद उसने कोतवाली थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने फरियादी निखिल की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया है।


