सीहोर। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने जिले के सभी थानों के सूचना संकलन कर्मचारियों की विशेष बैठक ली, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए।
बैठक में एसपी शुक्ला ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस को देखते हुए पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी होटलए लॉज और ढाबों की बारीकी से जांच की जाएगी। बाहर से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और ठहरने वाले मुसाफिरों की जानकारी ली जाएगी। सभी सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता को परखा जाएगा ताकि निगरानी में कोई चूक न हो।
ड्रोन और हाई राइज बिल्डिंग से निगरानी
सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए पुलिस तकनीक का भी सहारा ले रही है। संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले रूटों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। साथ ही ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि हर गतिविधि पर नजर रहे। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर रिस्पांस टाइम कम से कम होना चाहिए।
अन्य त्योहारों की भी तैयारी
बैठक के दौरान कर्मचारियों को साइबर अपराध और सीसीटीएनएस का प्रशिक्षण भी दिया गया। गणतंत्र दिवस के साथ-साथ आगामी नर्मदा जयंती, रविदास जयंती और महाशिवरात्रि जैसे पर्वों के लिए भी सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। नर्मदा जयंती के दौरान नदी किनारे एसडीआरफ और होमगार्ड की तैनाती रहेगी।
वालंटियर्स की मदद
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानीय आयोजकों से चर्चा करें और सुरक्षा व्यवस्था में आमजन व वालंटियर्स का सहयोग लें। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत सहित विशेष शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


