अंबेडकर उपवन में बाबा साहब का चित्र गिरा, लोगों की व्यवस्थित ढंग से लगाने की मांग

24 sehore photo 06

सीहोर। शहर के टाउन हॉल के समीप नगर पालिका द्वारा निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर उपवन एक बार फिर चर्चा में है। उपवन में स्थापित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र स्टैंड से नीचे गिर गया है। जैसे ही स्थानीय लोगों और बाबा साहब के अनुयायियों को इसकी जानकारी मिली, वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने इस पर गहरा दुख जताया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उपवन के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका की है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। चित्र के नीचे गिर जाने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों ने मांग की है कि बाबा साहब के चित्र को केवल खानापूर्ति के लिए न टांगा जाए, बल्कि उसे बेहद सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से सम्मानजनक स्थान पर स्थापित किया जाए।
शरारती तत्वों का बना रहता है अड्डा
यह पहला मामला नहीं है जब इस उपवन की गरिमा को ठेस पहुंची हो। इससे पहले भी शरारती तत्वों द्वारा उपवन में छेड़छाड़ और गंदगी फैलाने की खबरें सामने आ चुकी हैं। पूर्व की घटनाओं के बावजूद नगर पालिका ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए, जिसके कारण आज फिर ऐसी स्थिति पैदा हुई है। अहिरवार समाज संघ के प्रदेश सचिव विनोद बड़ोदिया ने मांग की है कि चित्र को ससम्मान और मजबूती के साथ लगाया जाए।