सीहोर। बसंत पंचमी के पावन पर्व पर अहमदपुर स्थित रेड रोज स्कूल का 25वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय शामिल हुए। उन्होंने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को सराहा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
स्थापना दिवस के अवसर पर छात्र.छात्राओं ने मनमोहक धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के हुनर को देख विधायक सुदेश राय ने उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।
विधायक बोले, शिक्षा का स्तर सुधरना सुखद संकेत
विधायक सुदेश राय ने कहा कि यह हमारे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि यहां के बच्चे पढ़ लिखकर बढ़े प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और माता-पिता अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए गंभीर हैं। विधायक ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी विद्यार्थी को कभी भी उनकी जरूरत पड़ेगी तो वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने उन पूर्व विद्यार्थियों की भी सराहना की जिन्होंने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन महेंद्र दांगी द्वारा किया गया, जबकि संचालन प्रतीक चण्डक ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और पालकों ने उपस्थिति दर्ज कराई।


