आरक्षक बेटों ने लाठी ठंडों से पीटा, कमिश्नर से शिकायत

16 sehore photo 07

सीहोर। मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुरा में पैतृक जमीन के विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी और उसके पुलिस विभाग में पदस्थ दो बेटों ने मिलकर एक वृद्ध किसान और उसके बेटों के साथ लाठी.डंडों से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल पिता.पुत्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में अब पीडि़तों ने भोपाल पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम शेखपुरा निवासी स्मिता गौर ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को दी अपनी शिकायत में बताया कि 12 जनवरी की शाम उनके पिता प्रेम नारायण गौर, भाई हृदेश और जितेंद्र गांव से गुजर रहे थे, तभी पड़ोसी बाला प्रसाद और उसके दो बेटोंकृराकेश गौर व सतीश गौर ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश और जमीन के विवाद को लेकर उन पर लाठी.डंडों से हमला कर दिया। हमले में प्रेम नारायण गौर के सिर पर गहरी चोट आई है, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
आरक्षक बेटों पर पद के दुरुपयोग का आरोप
फरियादी पक्ष का कहना है कि आरोपी राकेश और सतीश गौर पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि पुलिस की वर्दी का रौब झाड़ते हुए वे अक्सर विवाद करते हैं और पैतृक जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। पीडि़तों का कहना है कि मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, क्योंकि वे खुद विभाग का हिस्सा हैं।
निलंबन और कड़ी कार्रवाई की मांग
स्मिता गौर ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और अनुशासनहीनता के चलते आरक्षक राकेश और सतीश गौर को तत्काल निलंबित किया जाए। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।