आरोप लगाकर, युवक ने अनमोल जीवन को लगा दिया दांव पर…

15 sehore photo 09

सीहोर। जिले के जावर में एक युवक द्वारा प्रताडऩा से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। पीडि़त युवक शिशुपाल ठाकुर ने घटना से पहले एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला, जिसमें उसने स्थानीय दबंगों के साथ-साथ जावर थाना प्रभारी नीता देअरवाल पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल युवक का इंदौर में इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वायरल वीडियो में युवक शिशुपाल ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि 27 तारीख के एक कार्यक्रम के बाद से उसे अंकुश सिंह मेहतवाड़ा, रितेश बागवान और बाबू मोगिया लगातार परेशान कर रहे हैं। उसने बताया कि विवाद की शिकायत करने जब वह थाने गया तो कोई सुनवाई नहीं हुई, बल्कि उल्टा रात को 1 से 2 बजे के बीच टीआई मैडम उसके घर आईं और उसे धमकाया। शिशुपाल ने आरोप लगाया कि मैडम ने मुझसे कहा कि अब ढाबा चलाकर दिखाना, मैं तेरे घर और ढाबे पर दबिश दूंगी। उन्होंने मेरे पिता के सामने मेरी बेइज्जती की और मुझे जबरदस्ती गाड़ी में बिठाकर ले जाने लगीं। अपमान से आहत होकर युवक ने कैमरे के सामने ही जहरीला पैकेट दांत से फाड़ा और उसे पानी में घोलकर पी लिया।
पुलिस का पक्ष, वह तो भाई जैसा है
इस मामले में आरोपों के घेरे में आईं थाना प्रभारी नीता देअरवाल का कहना है कि शिशुपाल उनके भाई जैसा है। वहीं आष्टा एसडीओपी आकाश अमलकर ने पुलिस के वाट्सग्रुप पर आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि मामला संज्ञान में है और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस के अनुसार बीती रात ही शिशुपाल और विनोद परमार की शिकायत पर आरोपी रितेश बागवान और बाबू मोंगिया के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 351, 3(5) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुरानी रंजिश का है मामला
पुलिस का यह भी कहना है कि 2 जनवरी को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें तब समझौता हो गया था, लेकिन कल रात फिर से गाली-गलौज और विवाद हुआ, जिसके बाद यह आत्मघाती कदम उठाया गया। बता दें वीडियो में युवक ने अपने 1 साल के बेटे और 4 साल की बेटी की दुहाई देते हुए इंसाफ की मांग की है।