सम्मानित होगी टीम ‘संडे का सुकून’

15 sehore photo 07

सीहोर। जो लोग निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा में जुटे हैं, अब शहर उन्हें सलाम करेगा। नगर पालिका परिषद सीहोर आगामी 7 फरवरी को एक भव्य समारोह आयोजित कर नगर की ऐसी ही अनमोल प्रतिभाओं और सेवाभावी संगठनों को सम्मानित करने जा रही है। इस सम्मान की फेहरिस्त में जिला अस्पताल में मिसाल पेश करने वाली ‘संडे का सुकून’ टीम का नाम प्रमुखता से शामिल है।
गुरुवार को नपा सभाकक्ष में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का विकास केवल सीमेंट की सडक़ों से नहीं, बल्कि सेवा और संस्कारों से होता है। उन्होंने विशेष रूप से ‘संडे का सुकून’ टीम के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले एक साल से यह टीम बिना रुके जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था कर रही है। ऐसी सेवाभावी टीम नगर के हर नागरिक के लिए प्रेरणा है।
छुपी हुई प्रतिभाओं को ढूंढ रही है नगर पालिका
प्रिंस राठौर ने बताया कि नपा का मकसद उन लोगों को मुख्यधारा में लाना है जो पर्दे के पीछे रहकर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। चाहे वह अंतिम संस्कार की सेवाओं में जुटे राजू सोनी हों या पर्यावरण और स्वच्छता के लिए काम करने वाले विभिन्न संगठन। नपाध्यक्ष ने कहा हमारी नजर उन प्रतिभाओं पर है जिन्होंने खेल, शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा में सीहोर का मान बढ़ाया है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से ऐसे नामों की सूची तैयार की जा रही है।
विकास के साथ सम्मान की नई परंपरा
बैठक में नपाध्यक्ष ने संतोष जताया कि सीहोर नगर पालिका स्वच्छता के मामले में प्रदेश में अव्वल है और विकास कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी को होने वाला यह कार्यक्रम सीहोर के लिए एक नई परंपरा की शुरुआत होगा।