कुबेरेश्वर धाम महोत्सव: संभागायुक्त और आईजी ने संभाला मोर्चा

13 sehore photo 09

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, आईजी अभय सिंह और कलेक्टर बालागुरु के. ने कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा व समिति के सदस्यों के साथ सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस बार व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सबसे बड़ा निर्णय रुद्राक्ष वितरण को लेकर लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी से 15 मार्च तक रुद्राक्ष वितरण पूरी तरह बंद रहेगा। कथा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने, इसके लिए आयोजन समिति को प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाने और मीडिया के माध्यम से लगातार प्रचार करने को कहा गया है।
चाक-चौबंद होगी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था

  • – हाईवे और मुख्य मार्गों पर दबाव कम करने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू होगा। श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग जोन में पार्किंग बनाई जाएगी।
  • – आयोजन समिति पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर्स तैनात करेगी, जिन्हें प्रशासन द्वारा भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण और पहचान पत्र दिए जाएंगे।
  • – अग्निशमन यंत्रों और इमरजेंसी एग्जिट की पुख्ता व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
  • – श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर मिनी आईसीयू तैयार किया जाएगा।
  • – पर्याप्त एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ 24 घंटे तैनात रहेंगे।
  • – पीने के पानी के लिए टैंकरों और टोंटीयुक्त नलों की व्यवस्था होगी।
  • – स्वच्छता के लिए बड़ी संख्या में अस्थाई और चलित शौचालय बनाए जाएंगे, जहां सफाईकर्मी शिफ्ट में काम करेंगे।
    अधिकारियों ने किया मौका मुआयना
    बैठक के बाद संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ कुबेरेश्वर धाम पहुंचकर कथा स्थल, पंडाल, भोजनशाला और कंट्रोल रूम के लिए चयनित जगहों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि बिजली के तारों और नेटवर्क कनेक्टिविटी जैसी तकनीकी चीजों को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को कथा सुनने या सूचना प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो। इस अवसर पर डीआईजी राजेश चंदेल, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, एएसपी सुनीता रावत, एसडीएम तन्मय वर्मा और आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।