1-2 और 3 के पार्षदों को नपाध्यक्ष ने दी यह जिम्मेदारी

07 sehore photo 12

सीहोर। शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार सुबह उन्होंने बढिय़ाखेड़ी क्षेत्र में चल रहे सीवेज लाइन विस्तार कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को दो टूक हिदायत दी कि खुदाई के बाद सडक़ों पर पड़ी मिट्टी को तुरंत हटाया जाए ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
बढिय़ाखेड़ी क्षेत्र में हाल ही में सीवेज कार्य का भूमि पूजन किया गया था, जिसके बाद अब काम ने रफ्तार पकड़ ली है। लगभग 26 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक 1, 2 और 3 में करीब 28 किलोमीटर लंबी सीवेज लाइन डाली जानी है। नपाध्यक्ष ने बताया कि नए साल की शुरुआत के साथ ही शहर के एक बड़े हिस्से को इस योजना से जोड़ों जा रहा है। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सीवेज लाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
खुदाई के बाद समतलीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष राठौर ने संबंधित कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन गलियों और मार्गों में पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, वहां तुरंत मिट्टी भरकर समतलीकरण किया जाए। उन्होंने कहा जहां काम पूरा हो गया है, वहां से मलबा तुरंत हटाएं ताकि यातायात सुचारु रहे। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीवेज के बाद शुरू होगा सडकों का निर्माण
बढिय़ाखेड़ी और मंडी क्षेत्र के निवासी लंबे समय से खराब सडक़ों की समस्या से जूझ रहे हैं। नपाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सीवेज लाइन का काम पूर्ण होते ही इन वार्डों में करोड़ों रुपए की लागत से नई सडक़ों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। अब तक सीवेज कार्य लंबित होने के कारण ही सडक़ों का निर्माण रुका हुआ था।
पार्षदों को सौंपी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने स्थानीय पार्षदों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में चल रहे सीवेज कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग करें ताकि काम की गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह एक महत्वाकांक्षी योजना है, जो शहर को स्वच्छ बनाने और पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अनिवार्य है।