सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम हीरापुर में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक किराना दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोडक़र अंदर घुसे और वहां रखा करीब ढाई लाख रुपये कीमत का कीमती सामान व नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलकिसगंज रोड स्थित हीरापुर जोड़ पर रूप सिंह परमार की किराना दुकान संचालित है। रूप सिंह के पिता रामचरण परमार पेशे से किसान हैं और परिवार इस दुकान के जरिए अपनी आजीविका चलाता है। मंगलवार की रात चोरों ने सूनी दुकान के शटर का ताला चटकाया और भीतर प्रवेश किया। बुधवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे, तब चोरी की घटना का पता चला। पीडि़त परिवार के अनुसार इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ड्राई फ्रूटर्स और नकदी पर हाथ साफ
चोरों ने दुकान से चुन चुनकर कीमती सामान चोरी किया है। चोरी गए माल में 50 किलो काजू-बादाम, 50 किलो सुपारी, पान मसाला और गुटखे के कई बोरे सहित बीड़ी की एक पेटी शामिल है। इसके अलावा चोर गल्ले में रखी करीब 3000 रुपये की चिल्लर, हजारों रुपये कीमत का खाद्य तेल और 10 व 20 रुपये के नोटों के रूप में रखे करीब तीन से चार हजार रुपये भी ले उड़े। पीडि़त दुकानदार के अनुसार चोरों ने ढाई लाख रुपये के माल पर हाथ साफ किया है।
ग्रामीणों में नाराजगी
किसान और समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने बताया कि इलाके में चोरों का गिरोह सक्रिय है। पिछले वर्ष ग्राम चंदेरी में भैंस चोरी की वारदात हुई थी, वहीं आए दिन मोटरसाइकिल चोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चोर अब इतने शातिर हो गए हैं कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे उन्हें पकडऩा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।


