साल के पहले दिन ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजा सलकनपुर धाम

25 sehore photo 12

सीहोर। साल 2026 की पहली सुबह जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां विजयासन धाम के लिए भक्ति और उल्लास का संदेश लेकर आई। नववर्ष के पहले दिन माता के दर्शन करने की चाहत में गुरुवार तडक़े से ही श्रद्धालुओं का रेला सलकनपुर उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। विंध्याचल की ऊंची पहाडिय़ों पर स्थित दरबार सुबह से ही जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की भारी तादाद को देखते हुए मंदिर के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा अनुसार 1000 से अधिक सीढिय़ों वाले मार्ग, रोपवे और निजी वाहनों के जरिए मंदिर तक पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से सीढ़ी मार्ग पर युवाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है, जहां हर कदम पर माता के जयकारे गूंज रहे हैं। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेड्स और कतारों की विशेष व्यवस्था की है।
पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर समिति और पुलिस प्रशासन द्वारा पार्किंग से लेकर पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी की जा रही है। जिले के आला अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं ताकि प्रदेश भर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।