दर्दनाक हादसा: विस्फोटक ले जा रही चलती बाइक में ब्लास्ट, युवक के शरीर के उड़े चीथड़े

28 sehore photo 07

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप इछावर-आष्टा मार्ग पर रविवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। रामनगर गांव के पास चलती बाइक में अचानक हुए जोरदार धमाके के कारण बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना शक्तिशाली था कि युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसके पैर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरे। बाइक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अपनी बाइक पर भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री ले जा रहा था। रास्ते में किसी कारणवश इसमें ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां का मंजर देखकर हर कोई दहल गया। सडक़ पर चारों तरफ बाइक के अवशेष और मानव अंग बिखरे पड़े थे।
नहीं हो पाई मृतक की पहचान
सूचना मिलते ही इछावर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि शव की स्थिति इतनी क्षत विक्षत है कि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए बाइक के इंजन नंबर और आसपास के गांवों से संपर्क कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
इछावर पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है। युवक इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था, यह जांच का विषय है।