सीहोर। विधायक सुदेश राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश का विकास डबल इंजन सरकार के मजबूत नेतृत्व में सुरक्षित है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया और नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें सेवा पथ पर आगे बढऩे का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदेश राय और समाजसेविका अरूणा राय ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों का माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक राय ने कहा देश प्रेम की सच्ची प्रेरणा हमें अटलजी के जीवन से मिलती है। भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र बनाकर उन्होंने वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया, वे सदैव हमारे मार्गदर्शक रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम भाजपा के नवीन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और शक्ति का संचार करता है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, जिलामंत्री प्रीति सोनी, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, प्रीतेश राठौर, हेमलता परमार, आशीष पचौरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


