विधायक सुदेश राय के तीखे तेवर, सडक़ पर निकले सरिए देख भडक़े

24 sehore photo 04

  • सीहोर। जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विधायक सुदेश राय एक बार फिर सख्त तेवर में नजर आए। क्षेत्र के भ्रमण के दौरान जब विधायक हीरापुर-पारूआ मार्ग से गुजर रहे थे, तो पुराने पुल और सडक़ की जर्जर हालत और वहां निकले हुए जानलेवा सरियों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। निर्माण एजेंसी की इस बड़ी लापरवाही पर विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
    सडक़ के बीचों-बीच निकले हुए लोहे के सरियों को देख विधायक सुदेश राय ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से दो टूक शब्दों में कहा सडक़ पर यह सरिए बिल्कुल नहीं दिखना चाहिए। कोई बड़ा एक्सीडेंट हो जाए, क्या इसका इंतजार कर रहे हो। मुझे कल तक यह काम पूरा चाहिए, मैं कल फिर वापस आऊंगा। विधायक ने कहा यदि कोई तकलीफ है या किसी वरिष्ठ अधिकारी से बात करनी है तो बताओ।
    सख्ती का दिखा तुरंत असर
    विधायक श्री राय के तीखे तेवरों का असर यह रहा कि जिस मरम्मत कार्य को लेकर निर्माण एजेंसी महीनों से सुस्त पड़ी थी, वह तुरंत ही हरकत में आ गई। विधायक जब अंचल से लौटकर आए तो नजारा बदला हुआ था, मौके पर मजदूर लगे हुए थे और जर्जर पुल व सडक़ की मरम्मत का कार्य चलता नजर आया।
    जनता बोली- विधायक हों तो ऐसे
    क्षेत्र के हीरापुर और पारूआ के ग्रामीणों ने जब विधायक को दोबारा काम का जायजा लेते देखा तो वे उनकी कार्यप्रणाली के कायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ पर निकले सरिए लंबे समय से हादसों को न्यौता दे रहे थे, लेकिन विधायक जी की सख्ती के कारण महज तुरंत ही काम शुरू हो गया। लोगों ने कहा जनप्रतिनिधि की ऐसी सक्रियता होना चाहिए।
    गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा
    निरीक्षण के दौरान विधायक सुदेश राय ने कहा कि सीहोर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे पुल और सडक़ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुराने मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता पर है ताकि आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए ताकि राहगीरों को कोई परेशानी न हो।