हिट एंड रन: आखिरकार 4 दिन बाद भोपाल सिंह गिरफ्तार

सीहोर। मंडी थाना पुलिस ने सोया चौपाल मुगीसपुर में हुई भीषण हिट एंड रन की घटना के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। यह हादसा 21 नवंबर की रात हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर एम्सए भोपाल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 नवंबर की रात गुड़वेला निवासी कृष्णा वर्मा और शुभम वर्मा को एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णा वर्मा की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई। वहीं शुभम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया और भोपाल एम्स में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। टक्कर मारने के बाद कार चालक भोपाल सिंह वर्मा निवासी चितवलिया मौके से फरार हो गया था।
बीती रात हुआ गिरफ्तार
सूचनाकर्ता प्रेम सिंह वर्मा की रिपोर्ट पर मंडी पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस विवेचना के दौरान घटनास्थल के निरीक्षण के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की गई। फुटेज से यह पुष्टि हुई कि आरोपी भोपाल सिंह दुर्घटना को अंजाम देने के बाद तेज गति से भाग निकला था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 25 नवंबर की देर रात आरोपी भोपाल सिंह को उसकी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुर्घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है। मंडी पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।