सीहोर। जिले में अब कड़ाके की ठंड ने पूरी तरह दस्तक दे दी है। गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने जिलेवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। पिछले 14 दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, जहां पहले बारिश और गर्मी का मिला-जुला असर था, वहीं अब पारा तेजी से नीचे गिरा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे दिन और रात के तापमान में काफी बड़ा अंतर करीब 20 डिग्री देखा गया।
शासकीय कृषि महाविद्यालय स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने आगामी दिनों में ठंड और बढऩे की संभावना जताई है। डॉ. तोमर ने बताया आसमान से बादल धीरे-धीरे साफ हो रहे हैं, जिससे आगामी दिनों में ठंड का प्रभाव और बढ़ेगा। उन्होंने पुष्टि की कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 11 दिनों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो 16 नवंबर को तापमान 5.8 डिग्री और 17 नवंबर को 5 डिग्री तक गिर चुका था, जिससे पता चलता है कि जिले में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम में आए इस अचानक और बड़े बदलाव के बाद लोगों को अब ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।


