सडक़ निर्माण के बाद ‘एजुकेशन हब बने इंग्लिशपुरा’ की बदलेगी तस्वीर

  • 5 करोड़ की लागत से कोतवाली चौराहा से भोपाल नाका तक बन रही टू-लेन सडक़
  • – नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर स्वयं बार-बार कर रहे सडक़ निर्माण का निरीक्षण
    सीहोर। शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग कोतवाली चौराहा से भोपाल नाका तक की सडक़ अब जल्द ही आकर्षक स्वरूप लेने जा रही है। 5 करोड़ की अनुमानित लागत से बन रही यह सडक़ बीच शहर की पहली ‘वीआईपी’ सडक़ के रूप में पहचानी जाएगी, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के विशेष प्रयासों से प्राथमिकता दी गई है।
    यह सडक़ वर्षों से शहर के लोगों की मांग रही थी, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया। नागरिकों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए नपा अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने न सिर्फ इस परियोजना को हरी झंडी दिखाई, बल्कि इसके लिए 5 करोड़ का बजट भी सुनिश्चित कराया। नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार सडक़ निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है। खास बात यह है कि निर्माणाधीन सडक़ का निरीक्षण स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर द्वारा किया जा रहा है और दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।
    एजुकेशन हब की लाइफलाइन
    यह सडक़ शहर के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पूरा क्षेत्र अब ‘एजुकेशन हब’ कहलाता है। शहर के ज्यादातर स्कूल और कॉलेज इसी मार्ग पर स्थित हैं। दिनभर हजारों विद्यार्थी और नागरिक इस मार्ग से गुजरते हैं। इस सडक़ के सुधरने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि एजुकेशन हब का भी कायाकल्प हो जाएगा।
    परियोजना की मुख्य विशेषताएं
    सडक़ का निर्माण 5 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। उत्कृष्ट टू-लेन सडक़ बीच शहर की की पहली वीआईपी सडक़ है, जिसकी चौड़ाई वर्तमान 9 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर की गई है। अन्य सुविधाओं में इस सडक़ के दोनों ओर पेवर ब्लॉक का फुटपाथ, डिवाइडर और लाइटिंग रहेगी। सडक़ निर्माण के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे आमजनों को भी राहत मिलेगी।