जिलाध्यक्ष गुजराती आज दूसरी बार राहुल गांधी से लेंगे संगठन सृजन का मंत्र

सीहोर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज से दो दिवसीय मप्र दौरे पर आ रहे हैं, वह हिल स्टेशन पचमढ़ी पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस का 10 दिवसीय संगठन सृजन का शिविर आयोजित हो रहा है। इस शिविर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती भी शामिल हैं। श्री गुजराती आज दूसरी बार राहुल गांधी से जीत का संगठन सृजन का मंत्र लेंगे।
राहुल गांधी का आज का मुख्य कार्यक्रम होटल हाईलैंड में आयोजित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में होगा। शाम 4.30 बजे से 7.30 बजे तक वे इस सत्र को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे संगठन में नए सिरे से जान फूंकने के लिए जिला अध्यक्षों को संगठन सृजन का मंत्र देंगे। इस दौरान राजीव गुजराती, राहुल गांधी के साथ सीधे संवाद में शामिल होंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए जरूरी रणनीतिक इनपुट प्राप्त करेंगे।
दिल्ली में भी ले चुके हैं मार्गदर्शन
यह पहली बार नहीं है जब सीहोर जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती को राहुल गांधी का सीधा मार्गदर्शन मिल रहा है। राजीव गुजराती इससे पहले भी दिल्ली में राहुल गांधी से संगठनात्मक टिप्स ले चुके हैं।
दिग्गजों का जमावड़ा, सुरक्षा कड़ी
बता दें राहुल गांधी आज दोपहर 3.20 बजे पचमढ़ी पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव समेत कई दिग्गज नेता पचमढ़ी पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी के दौरे के चलते पचमढ़ी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।