सीहोर। गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को कलेक्टर बालागुरु के. और एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने परेड ग्राउंड पहुंचकर समारोह की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों की बैठक लेते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टेंट, साउंड सिस्टम और मंच की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ होना चाहिए। एसपी श्री शुक्ला ने सुरक्षा घेरे और कार्यक्रम स्थल तक आने.जाने वाले रास्तों के प्रबंधन के निर्देश दिए। पीने के पानी, साफ सफाई और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी स्तर पर चूक न हो। इस दौरान अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर रविंद्र परमार और डिप्टी कलेक्टर जमील खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


