सीहोर। जिले के भैरुंदा थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी की चैन, पर्स, नकदी राशि तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को फरियादी नीलश राठौर निवासी ग्राम धोलपुर थाना गोपालपुर जिला सीहोर ने थाना भैरुंदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात तीन आरोपियों ने उससे चांदी की चैन, पर्स एवं 12 हजार रुपये नकद की झपटमारी की है। फरियादी की शिकायत पर थाना भैरुंदा में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी भैरुंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अरमान खान, आहद खान, मोहम्मद अरसद खान उर्फ मुविन तथा एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी आहद खान द्वारा छीनी गई चांदी की चैन को खरीदा गया था, जिस पर प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस का इजाफा किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी की एक चैन, एक पर्स, 1000 रुपये नकद एवं झपटमारी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के विरुद्ध पूर्व से चोरी एवं मारपीट जैसे अपराध पंजीबद्ध हैं, जिसके चलते उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।


