सीहोर। जिला मुख्यालय के समीप स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम की धरा 17 फरवरी को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक पल की साक्षी बनेगी। सनातन धर्म के प्रखर वक्ता पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार सीहोर आ रहे हैं। विठ्ठलेश सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का महामिलन होगा।
विठ्ठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने हाल ही में बागेश्वर धाम पहुंचकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट की। इस दौरान आगामी ऐतिहासिक महोत्सव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पंडित श्री शास्त्री ने सहर्ष निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वे 17 फरवरी को कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले इस दिव्य महोत्सव में शामिल होकर महादेव की आराधना करेंगे।
दो धर्म शक्तियों का होगा महामिलन
समिति के जनसंपर्क प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि 17 फरवरी का दिन कुबेरेश्वर धाम के इतिहास में अविस्मरणीय होगा। इस दिन कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक ही मंच पर उपस्थित रहेंगे। देश की इन दो सबसे प्रभावशाली आध्यात्मिक विभूतियों का एक साथ आना सनातन संस्कृति की एकजुटता और वैचारिक शक्ति का बड़ा संदेश देगा।
आयोजन की तैयारियां तेज
विगत कई वर्षों की तरह इस बार भी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिसमें विशाल पंडाल, भोजन व्यवस्था, शिवलिंग निर्माण आदि की व्यवस्था की जा रही है।
रुद्राक्ष वितरण नहीं होगा
समिति ने स्पष्ट किया है कि इस महोत्सव के दौरान रुद्राक्ष का वितरण नहीं किया जाएगा। पूरा कार्यक्रम महादेव की आराधना, शिव महापुराण और संतों के सत्संग पर केंद्रित रहेगा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए आवास, पेयजल और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।


