सीहोर। भले ही हम सत्ता से दूर हैं, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं का संघर्ष कम नहीं हुआ है। यह बात सीहोर में आयोजित कांग्रेस की बैठक में जिला प्रभारी जय श्रीहरि किरण ने कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि लंबे समय का संघर्ष अब रंग लाने वाला है, बस जरूरत है तो पूरी ताकत के साथ मैदान में एकजुट होकर डटने की।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने की। मुख्य अतिथि संजय दत्त ने जिले में पार्टी की गतिविधियों और बीएलए के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी समय में बीएलए को अत्यधिक सजग रहने की आवश्यकता है, ताकि मतदाता सूची से कांग्रेस समर्थित वोटरों के नाम न काटे जा सकें।
संगठन की मजबूती और संघर्ष
जिला प्रभारी जय श्रीहरि किरण ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यद्यपि हम लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और सत्ता से दूर हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी। एकजुटता से कार्य करने पर प्रदेश में कांग्रेस की वापसी निश्चित है। बैठक में विशेष अतिथि के रूप में दिनेश मेघानी, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, कैलाश परमार और डॉ. बलवीर तोमर उपस्थित रहे। साथ ही हरपाल ठाकुर, ओम वर्मा, जफर लाला, घनश्याम यादव, विवेक राठौर, राजेश भूरा यादव, गुलाब बाई ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


