सीहोर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अनियमित खान-पान के कारण इंसान अनजाने में कई गंभीर बीमारियों का शिकार होता जा रहा है। इसी स्थिति को बदलने और लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए आरोग्य भारती द्वारा 3 जनवरी शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन सुबह 10 बजे से हॉगवाट्र्स इंटरनेशनल स्कूल में होगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इंदौर के प्रसिद्ध लाइफस्टाइल स्पेशलिस्ट सतीश मंत्री उपस्थित रहेंगे। वे अपने अनुभव से बताएंगे कि कैसे हम अपनी छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, मोटापा और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से बच सकते हैं।
स्वस्थ व्यक्ति से ही बनेगा सशक्त समाज
आयोजन के संयोजक डॉ. गगन नामदेव जिला संयोजक आरोग्य भारती एवं गिरिराज मित्र मंडल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना जगाना है। कार्यक्रम के दौरान योग, ध्यान, संतुलित आहार, सकारात्मक सोच और मोबाइल-तनाव से दूरी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
सामूहिक संकल्प से बदलेगी तस्वीर
आयोजन समिति ने शहर के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस कार्यक्रम में शामिल हों। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जन सीहोर को एक ‘स्वस्थ नगर’ बनाने और आने वाली पीढिय़ों को रोगमुक्त भविष्य देने का सामूहिक संकल्प लेंगे।


