विधायक सुदेश राय का गुटबाजी पर बड़ा हमला…

06 sehore photo 04

सीहोर। विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी और खींचतान की खबरों पर आखिरकार विधायक सुदेश राय ने विराम लगाने की कोशिश की है। एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने बेहद कड़े लहजे में कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग गुटबाजी की बातें फैला रहे हैं, वे दरअसल संगठन और अपने परिवार के नहीं, बल्कि दुश्मन परिवार के हैं।
बता दें सीहोर विधानसभा क्षेत्र में बीते कई दिनों से चर्चा थी कि शहर के पांच बड़े नेताओं के समर्थक अलग-अलग गुटों में बंटे हुए हैं और शहर के चौक-चौराहों पर अक्सर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी होती रहती है। इन चर्चाओं का जवाब देते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा यहां कुछ लोग इधर बैठे हैं जो कहते हैं कि मैं उस गुट का हूं, कुछ कहेंगे मैं इस गुट का हूं। मैं साफ कर दूं कि यहां कोई गुटबाजी नहीं है। यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी का गुट है। भाजपा के अलावा यहां कोई दूसरा गुट अस्तित्व में नहीं है।
विरोधियों पर साधा निशाना
विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा आप नहीं तो मैं नहीं और मैं नहीं तो कुछ नहीं। हम सब एक हैं और मिलकर ही संगठन को मजबूत करते हैं। उन्होंने उन लोगों को आड़े हाथों लिया जो गुटबाजी को हवा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुटबाजी जैसी कोई चीज नहीं होती, जो लोग ऐसा बोलते हैं वे अपने परिवार के नहीं बल्कि दुश्मन परिवारों के हितैषी हैं।
चर्चाओं के बाजार पर लगाया विराम
गौरतलब है कि सीहोर भाजपा में नेतृत्व को लेकर समर्थकों के बीच अक्सर मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। राजनीतिक गलियारों में यह आम चर्चा थी कि भाजपा अब गुटों में बंट गई है और पांच दिग्गज नेताओं के बीच वर्चस्व की जंग जारी है। विधायक राय के इस बयान को इसी आंतरिक कलह को दबाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। विधायक सुदेश राय का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।