सीहोर। शहर के बाल विहार मैदान पर मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती महाकुंभ का रोमांचक समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सुदेश राय ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के दौर में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी करियर की अपार संभावनाएं हैं। खिलाड़ी जी-जान से मेहनत करें और पदक जीतकर अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत के व्यापार के साथ-साथ खेलों का भी डंका बजाया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव नए और पुराने खिलाडिय़ों के लिए ऊर्जा का संचार करने वाला साबित हुआ है। इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा और विधायक राय ने स्वयं अखाड़े में उतरकर पहलवानों का हाथ मिलवाया और उनका उत्साहवर्धन किया।
दंगल में दिखा जबरदस्त रोमांच
कुश्ती स्पर्धा में कुल 28 पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबले इतने कड़े थे कि केवल एक जोड़ी मेरठ के शाकिर नूर और हरियाणा के रवि जाट ही बराबरी पर रही, बाकी सभी मुकाबलों में हार- जीत का फैसला हुआ। विशेष रूप से महिला कुश्ती में सीहोर की पहलवान सुहानी ठाकुर और डोली जाट के बीच हुआ मुकाबला दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। विजेता पहलवानों को मंच से पुरस्कृत किया गया, वहीं उपविजेता खिलाडिय़ों को सांत्वना पुरस्कार भेंट किए गए।
मैदान में इन दिग्गजों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में हरियाणा के सुमित जाट, रोहतक के हनी, मंडीदीप के दिव्यांश, आष्टा के राहुल, कोठरी के गोलू, आष्टा के कुणाल, सीहोर के हैदर खान, राज पहलवान, महेंद्र, हिमांशु, धर्मेंद्र, कोठरी के रूपेश, देवास के सेवाज, कोठरी के राजापिल्लर और इंदौर के आदी पहलवान विजेता बनकर उभरे।
गणमान्य जनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय द्वारा हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। आयोजन में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और कुश्ती प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।


