इछावर में योग्य चेहरों का अभाव! ‘टुवानी ब्रदर्स’ को जिला विकास समिति में शामिल करने पर सवाल

14 sehore photo 03

सीहोर। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित जिले की बहुचर्चित जिला विकास सलाहकार समिति अपने गठन के साथ ही विवादों के घेरे में आ गई है। 12 दिसंबर को जारी इस 20 सदस्यीय विशिष्ट समिति में इछावर क्षेत्र से एक ही परिवार के दो सदस्यों (देवेंद्र टुवानी और योगेंद्र टुवानी) ‘टुवानी ब्रदर्सं’ को शामिल करने पर स्थानीय लोग और राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इछावर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में क्या योग्य चेहरों की इतनी कमी है कि समिति को एक ही परिवार के दो सदस्यों को शामिल करना पड़ा।
क्षेत्रवासियों का तर्क है कि यदि दोनों सदस्य व्यापार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और दोनों एक ही परिवार से हैं, तो किसी एक सदस्य को शामिल करके, बची हुई जगह किसी अन्य योग्य व्यक्ति या विशेषज्ञ को दी जा सकती थी। इससे समिति का प्रतिनिधित्व अधिक व्यापक और संतुलित हो सकता था।
वर्गीकरण पर भी उठे सवाल
समिति के गठन में सदस्यों के वर्गीकरण को लेकर भी सियासी खेल साफ नजर आ रहा है। कई संगठन के पदाधिकारियों को उनके मूल पद से हटाकर उन्हें ‘प्रगतिशील किसान’ और ‘समाजसेवी’ जैसी श्रेणियों में डालने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नरेश मेवाड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष को प्रगतिशील किसान के रूप में समिति सदस्य बनाया गया है। ललित नागौरी पूर्व जिलाध्यक्ष को समाजसेवी की श्रेणी में रखा गया है।
आलोचकों का मानना है कि जिले के विकास की दीर्घकालीन योजनाएं बनाने वाली इस महत्वपूर्ण समिति में तकनीकी योग्यता और विशेषज्ञता को प्राथमिकता देने के बजाय, राजनीतिक समीकरण साधने का स्पष्ट प्रयास किया गया है।
समिति के उद्देश्य एवं कार्य

  • जिले की जनता जनप्रतिनिधियों व अन्य हितधारकों की जरूरतों और सुझावों के अनुसार जिले की दीर्घकालीन विकास की योजनाएं बनाना।
  • जिले के परपरागत कौशल को चिन्हित कर प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल के सिद्धात के दृष्टिगत उन्हें राष्ट्रीय/अंतराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देते हुए जिले की समृद्धि का रोडमैप तैयार करना।
  • जिले की स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शासकीय योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने के सुझावों पर विचार करना।
  • जिले में स्थानीय प्रयासों से प्रचलित नवाचारों को योजना के रूप में मूर्त रूप देना।
  • जिले में रोजगार सृजन एवं विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्यों के संबंध में सुझाव देना।
  • उद्योग, व्यापार एवं जल सरचनाओं के संरक्षण, निर्यात, कृषि, खनिज, पर्यावरण आदि क्षेत्रों में जिले की कार्ययोजना हेतु सुझाव देना।
  • योजना आर्थिक एवं साख्यिकी विभाग इस समिति के कार्यों के सबंध में समन्वय का कार्य करेगा।

जिला विकास समिति का खाका
समिति के अध्यक्ष स्वयं मुख्यमंत्री हैं, जबकि उपाध्यक्ष जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर हैं। सदस्य के रूप में सांसद शिवराज सिंह चौहान, महेंद्र सिंह सोलंकी, आलोक शर्मा, विधायक करण सिंह वर्मा, रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला मुख्यालय से नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, जनपद अध्यक्ष नाबड़ी बाई बारेला, दीक्षा सोनू गुणवान, रेखा जगदीश पटेल, मंजू अवध मीना पटेल, महेंद्र शर्मा शामिल हैं।

उद्योग, समाजसेवा, प्रगृतिशील किसान यह सदस्य
प्रदीप धाड़ीवाल व्यापार, कुमेर सिंह भाटी ग्राम छापर प्रगतिशील किसान, भूपेंद्र सिंह राणा आष्टा विधि, डॉ. हीरालाल बालोद्रिया चिकित्सा, ललित नागौरी समाजसेवा, देवंद्र टुवानी इछावर व्यापार, योगेंद्र टुवानी इछावर व्यापार, देवेंद्र परमार हीरापुर प्रगतिशील किसान, योगेन्द्र त्यागी बरखेड़ी समाजसेवा, डॉ. मुकेश व्यास इछावर चिकित्सा, नरेश मेवाड़ा छावनी सीहोर प्रगतिशील किसान, कमल झंवर गांधी रोड सीहोर समाजसेवा, अनिल पालीवाल पलटन एरिया सीहोर व्यापार, मायाराम गौर छतरपुरा प्रगतिशील किसान, अनिल पारे छावनी विधि, आशाराम यादव सेमरी समाजसेवा, श्यामसिंह ठाकुर लाडक़ुई प्रगतिशील किसान, विनीत सिंह राजपूत नांदनेर व्यापार, अभिषेक सिंह चौहान छीपानेर प्रगतिशील किसान, रचना गणेश भारी पलासी समाजसेवा शामिल हैं।