ऑक्सफोर्ड स्कूल में ‘ज्ञानोत्सव’, बच्चों ने सीखे साइबर सुरक्षा के गुर

सीहोर। जिले में चल रहे न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने के उद्देश्य से मुख्यालय स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल में एक महत्वपूर्ण विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र आर्य के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा यह शिविर संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वप्नश्री सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद किया और कई महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने खास तौर पर बच्चों के अधिकार, पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग जैसे विषयों पर गहनता से जागरूक किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना हमारी पहली प्राथमिकता है।
निशुल्क कानूनी मदद की प्रक्रिया समझाई
जिला विधिक सहायता अधिकारी जीशान खान ने विद्यार्थियों को निशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। कानूनी जागरूकता के अतिरिक्त, उन्होंने छात्रों को ज्ञानार्जन और व्यक्तित्व निर्माण के महत्व पर भी जोर दिया। श्री खान ने उन्हें वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के साथ-साथ शिक्षकों और माता.पिता का सम्मान करने के लिए भी प्रेरित किया।
कला प्रतियोगिता ने भरा उत्साह
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। इसी बीच बच्चों द्वारा भोजन निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और रंगत भर दी।
ऑक्सफोर्ड स्कूल में आयोजित इस जागरूकता शिविर में स्कूल के डायरेक्टर जॉली कुरियन, प्रिंसिपल वीना जें कुरियन, सभी शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने कानूनी ज्ञान प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार किया।