महिला कांग्रेस अध्यक्ष की रेस शुरू, बुदनी-आष्टा की चार नेत्रियों ने ठोकी दावेदारी

सीहोर। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के निर्देश सीहोर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नवीन नियुक्ति के लिए संगठन सृजन अभियान के तहत रायशुमारी शुरू हो गई है। सोमवार को जिला मुख्यालय पर पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में महिला कांग्रेस नेत्रियों के बायोडाटा लिए गए।
हालांकि इस दावेदारी की रेस में एक रोचक तस्वीर सामने आई है। जिला अध्यक्ष पद के लिए कुल चार महिला नेत्रियों ने अपनी दावेदारी जताई है, इनमें बुदनी से 3 और आष्टा से 1 दावेदार हैं। हैरानी की बात यह है कि जिला मुख्यालय सीहोर और इछावर विधानसभा क्षेत्र से एक भी महिला नेत्री ने दावेदारी नहीं जताई है। यह रायशुमारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती की अध्यक्षता में जिला प्रभारी चंदा चौहान और महक राणा के विशेष आतिथ्य में आयोजित की गई।
गुलाब बाई ठाकुर ने फिर जताई दावेदारी
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहीं गुलाब बाई ठाकुर को हाल ही में प्रदेश महासचिव बनाया गया है। प्रदेश में पदोन्नति के बावजूद उन्होंने फिर से जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी जताई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष का नाम महिने भर में तय हो जाएगा।
इछावर-सीहोर में महिला नेत्रियों का टोटा
रायशुमारी में यह बात सामने आई कि जिला कांग्रेस के पास इछावर में महिला नेत्रियों का टोटा है। वहीं जिला मुख्यालय सीहोर में भी सक्रिय महिला कांग्रेस नेत्रियों का अभाव दिख रहा है, यही वजह है कि इन दोनों क्षेत्रों से एक भी महिला नेत्री ने दावेदारी के लिए बायोडाटा नहीं दिया।