सीहोर। आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा आज 25 अक्टूबर से नहाय खाय के साथ प्रारंभ हो गया है। शहर में महापर्व को लेकर उत्सव का माहौल है और उत्तर भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। शहर में सीवन नदी घाट पर छठ पर्व का मुख्य आयोजन होगा। नगर पालिका की टीमों ने घाट पर साफ सफाई की व्यवस्था की है। भोजपुरी समाज से जुड़े लोगों के अनुसार इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीवन नदी घाट पर भगवान सूर्य को अघ्र्य देने पहुंचेंगे। पर्व की शुरुआत होते ही बाजारों में भी पूजा सामग्री, सूप दउरा बांस की टोकरी, ठेकुआ मोल्ड, फल और साज सज्जा के सामान की बिक्री में तेजी आई है।
चार दिवसीय छठ पर्व का कार्यक्रम
आज 25 अक्टूबर: आज व्रती स्नान कर सात्विक भोजन, मुख्य रूप से कद्दू भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत की शुरुआत की।
26 अक्टूबर दूसरा दिन खरना: व्रती दिन भर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद बनाकर ग्रहण करती हैं। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
27 अक्टूबर तीसरा दिन डाला छठ (सांझी अघ्र्य): शाम के समय बांस की टोकरी में ठेकुआ और फलों से सजे सूप के साथ व्रती सीवन नदी घाट पर पहुंचकर डूबते सूर्य को अघ्र्य देंगी।
28 अक्टूबर चौथा दिन भोर अघ्र्य और पारण: अंतिम दिन सुबह तडक़े घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती छठ का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के व्रत का पारण करेंगी।


