सीहोर। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के नेतृत्व वाली ‘नगर सरकार’ ने दीपावली पर्व पर शहरवासियों को बड़ी राहत दी है। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग कोतवाली चौराहा से भोपाल नाका तक निर्माणाधीन ‘टू लेन वीआईपी सडक़’ का काम नागरिकों की सुविधा के लिए फिलहाल रुकवा दिया गया है। इतना ही नहीं निर्माण कार्य के कारण फैली धूल से आमजनों को परेशानी न हो, इसके लिए स्वयं नगर पालिका अध्यक्ष राठौर ने आगे आकर सडक़ की सफाई और धुलाई कराई।
यह वीआईपी सडक़ शहर के एजुकेशन हब के रूप में पहचानी जाती है। यह मार्ग पीजी कॉलेज, कन्या कॉलेज, स्वामी विवेकानंद कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों को जोड़ता है। लंबे समय से नागरिकों की मांग थी कि इस व्यस्त मार्ग को टू लेन बनाया जाए, जिसे नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने प्राथमिकता से पूरा करने का बीड़ा उठाया है। हालांकि निर्माण कार्य चलने के कारण पिछले कुछ दिनों से धूल की समस्या उत्पन्न हो रही थी। नागरिक अच्छी सुविधा के लिए इस असुविधा को खुशी-खुशी सह रहे थे।
दीपावली पर खुद संभाला मोर्चा
आज धनतेरस के साथ दीपावली पर्व की शुरुआत हो चुकी है। नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, जिसे ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इसके बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से मौके पर खड़े होकर फायर ब्रिगेड और नगर पालिका के अमले की मदद से पूरी सडक़ को धुलवाया और निर्माण के कारण जमा हुई धूल को साफ करवाया। नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल से सडक़ के दोनों ओर निवासरत लोगों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। नागरिकों ने इस पहल के लिए प्रिंस विकास राठौर को धन्यवाद भी दिया है।


