दो दिन बाद जिले के किसानों को सौगात देंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

सीहोर। जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसान और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा लगातार आवाज उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही किसानों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 18 अक्टूबर को इछावर विधानसभा क्षेत्र के बिलकिसगंज दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के खाते में मुआवजा राशि हस्तांतरित करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों को प्रति हेक्टेयर 5 हजार रुपए की दर से मुआवजा राशि की सौगात देंगे। यह राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी, जिसके लिए वर्तमान में किसानों से जमीन से जुड़े कागजात कलेक्ट किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि हालांकि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इछावर विधानसभा के जिम्मेदार भाजपा पदाधिकारी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार इसकी जानकारी साझा कर रहे हैं। इछावर नगर पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र वर्मा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा 18 अक्टूबर को हेलीकॉप्टर से ग्राम खुरानिया ग्राम पंचायत भंडेली इछावर आएंगे और उसके बाद बिलकिसगंज जोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
किसानों के प्रदर्शन और कांग्रेस की मांग का असर
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से किसान विभिन्न कारणों से हुए फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी किसानों के हित में लगातार सरकार पर दबाव बना रही थी और मुआवजे की मांग उठा रही थी।