सीहोर। किसानों के लंबित बीमा, मुआवजा और फसलों के उचित मूल्य की मांग को लेकर सीहोर में आगामी 13 अक्टूबर को प्रभावशाली प्रदर्शन होने जा रहा है। यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें मुख्य अतिथि के रूप में करण सेना परिवार के प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर शामिल हो रहे हैं, जो बीते कई दिनों से अपनी मुखर उपस्थिति के कारण सुर्खियों में बने हुए हैं।
इस आंदोलन को ‘किसान अधिकार ट्रैक्टर यात्रा’ का नाम दिया गया है, जो एक विशाल रूप में आयोजित की जाएगी। ट्रैक्टरों का काफिला किसानों की ताकत को दर्शाते हुए सडक़ों पर उतरेगा।
हरदा कांड के बाद सुर्खियों में हैं शेरपुर
ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक नई धार दे दी है। हाल ही में हुआ हरदा कांड पूरे देश के राजपूत समाज और अन्य वर्गों में चर्चा का विषय रहा है, जिसके बाद जीवन सिंह शेरपुर लगातार सक्रिय हैं। उनके तेवर और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर बेबाक राय उन्हें किसानों के बीच एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित कर रही है।
अमलाहा से कलेक्टर कार्यालय तक रैली
किसान अधिकार ट्रैक्टर यात्रा 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे अमलाहा बाजार से शुरू होगी। किसानों और करणी सेना परिवार के सदस्यों से भरी यह ट्रैक्टर यात्रा सीधे जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी, जहां किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों द्वारा सोशल मीडिया पर भी व्यापक स्तर पर मैसेज प्रसारित किए जा रहे हैं, जिसमें समस्त किसान बंधुओं से अपने हक और अधिकार की लड़ाई लडऩे के लिए इस यात्रा में अनिवार्य रूप से शामिल होने का आह्वान किया गया है। समस्त किसान बंधु एवं करणी सेना परिवार सीहोर इस आयोजन को सफल बनाने में जुटा है।


